आगरा: कांग्रेस जिलाध्यक्ष से हुई मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
आगरा पुलिस अभिरक्षा में चोरी के आरोपी अरुण वाल्मीकि की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू से लोगों का विवाद हो गया। आरोप है कि लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। वहीं इस प्रकरण में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के भी आगरा में आने की चर्चाएं हैं।
आगरा के थाना जगदीशपुरा में मालखाने से 17 अक्तूबर को 25 लाख रुपये गायब हुए थे। इसके बाद पुलिस ने थाने में आने वाले सफाई कर्मी अरुण को हिरासत में लिया था। मंगलवार देर रात उसकी तबीयत खराब हुई और मौत हो गई। इस घटना के बाद शहर में माहौल गर्मा गया है। पोस्टमार्टम हाउस पर वाल्मीकि समाज के लोग सुबह से एकत्र हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू पोस्टमार्टम गृह पर मृतक अरुण के परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंचे थे। वाल्मीकि समाज के लोगों से यहां उनका विवाद हो गया। लोगों ने धक्का-मुक्की के बाद उनके साथ मारपीट कर दी थी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने आरोप लगाए हैं कि पीड़ित परिजनों से मिलने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजदूगी में उनकी पिटाई की, मेरी हत्या भी कर सकते थे। पूरी घटना से हाई कमान को बता दिया है।
मुआवजे की मांग कर रहा परिवार
वाल्मीकि समाज दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग कर रहा है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया ट्वीट
पुलिस अभिरक्षा में अरुण की मौत पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि, किसी को पुलिस कस्टडी में पीट-पीट कर मार देना कहां का न्याय है? आगरा पुलिस कस्टडी में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना निंदनीय है। भगवान वाल्मीकि जयंती के दिन उप्र सरकार ने उनके संदेशों के खिलाफ काम किया है। उच्च स्तरीय जांच व पुलिस वालों पर कार्रवाई हो व पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले।
मालखाना से 25 लाख की चोरी: हिरासत में लिए सफाई कर्मी की मौत, मां बोलीं- पुलिस वालों के खोल रहा था नाम, इसलिए मार दिया