कासगंज। जिला अस्पताल में सड़क दुर्घटना के घायल को उपचार नहीं मिल सका। जिससे उसकी मौत हो गई। साथी ग्रामीणों ने चिकित्सालय के चिकित्सकों पर इलाज न करने का आरोप लगाया है।
पटियाली अलीगंज मार्ग पर दोपहर के समय बाइक सवार युवक अंकुर पुत्र रामपाल को एक लोडर टेंपो ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर घायल हो गया। घायल युवक को पटियाली के स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिवार के लोग एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लेकर आए। लेकिन उसके साथ थाने का कोई गार्ड नहीं आया। अंकुर के साथ आए ग्रामीण उमेशचंद्र ने बताया कि अंकुर जिला अस्पताल के बाहर आधा घंटे तक तड़पता रहा, लेकिन उसे इलाज नहीं मिल सका।
घायल युवक के साथ थाने का कोई गार्ड नहीं था, ऐसी स्थिति में चिकित्सकों ने गार्ड को बुलाने के लिए कहा और उपचार नहीं दिया। ग्रामीण ने बार-बार चिकित्सकों से घायल को इलाज देने की बात कर रहा था। उसका वीडियो भी किसी ने बना लिया और उसे वायरल कर दिया। युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों पर इलाज न करने का आरोप लगाया है।
पटियाली के घायल युवक जब जिल चिकित्सालय पहुंचा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सा न देने का आरोप गलत है। इस मामले की जानकारी ली गई है। -डॉ. अनिल कुमार, सीएमओ।