आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवक की लाश घर के सामने कूड़े के ढेर में दबी मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की लाश को देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने जमीन की रंजिश के चलते गांव के ही लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
यहां की है घटना
थाना फतेहाबाद के गांव बड़ा कछियारा निवासी 23 वर्षीय सोनू पुत्र रामबरन तीन मार्च की रात को घर से अचानक गायब हो गया। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दे दी थी। परिवार के लोग उसके साथ अनहोनी की आशंका के चलते दहशत में थे।
परिवार में मचा कोहराम
गुरुवार सुबह जब गांव के ही लोग कूड़ा डालने के लिए पहुंचे, तो उन्होंने कूड़े के ढेर में सोनू की लाश को देखा। इसकी सूचना मिलते ही परिवार के लोग आ गए। सोनू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रंजिशन हत्या का लगाया आरोप
परिजनों ने पुलिस को बताया है सोनू की घर के सामने ही रहने वाले पड़ोसियों से जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। इसी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर दी गई और लाश को कूड़े के ढेर में दबा दिया गया। वहीं घटना के बाद से पड़ोसी फरार हैं। जानकारी मिलते ही एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल और डीसीपी पूर्वी अतुल शर्मा मौके पर पहुंचे गए। पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं।