गांव नानमई में तालाब के पास मिला युवक का शव
परिजन ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। थाना क्षेत्र के गांव नानामई में सोमवार की सुबह एक युवक का शव तालाब के पास पड़ा देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। छानबीन के दौरान पता चला कि शव राउरी चमरपुरा निवासी के रहने वाले युवक का है। वहीं घटनास्थल से करीब दो किमी दूर युवक की बाइक पड़ी मिली। परिजन की ओर से हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की गई। इसके बाद मौत का कारण जानने कि लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
गांव नानामई के रहने वाले कुछ ग्रामीण सोमवार की सुबह खेत की ओर जा रहे थे। तभी तालाब किनारे एक युवक को बेसुध हालत में पड़ा देख रुक गए। पास जाकर देखा तो एक युवक का शव था। ग्रामीणों की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान के प्रयास किए। लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी। कुछ देर बाद गांव राउरी चमरपुरा के एक परिवार ने पुलिस को बताया कि शव नरेंद्र यादव (42) का है। बताया कि घटनास्थल से करीब दो किलो मीटर दूर गांव रानीपुर के पास उसकी बाइक मिली है। युवक रविवार की शाम को बाइक को लेकर निकला था। पूछताछ में मृतक के परिजन ने बताया कि उन्हें आशंका है कि किसी ने हत्या करने के बाद शव को तालाब के पास फेंका है। बाइक दो किलो मीटर दूर कैसे पहुंची। इस बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। हत्या की आशंका व्यक्त किए जाने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। सीओ करहल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। इसके बाद ही मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।