घिरोर (मैनपुरी)। जनपद इटावा के गांव भरुआ निवासी युवक का शव शुक्रवार की सुबह गांव शाहजहांपुर के बाहर पेड़ पर लटका मिला। युवक दो वर्ष से थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर में बहन के घर रह रहा था। गांव में ही उसकी नाई की दुकान थी, परिजन द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया।
जनपद इटावा के थाना सैफई क्षेत्र के गांव भरुआ निवासी 19 वर्षीय दीपक श्रीवास्तव करीब वर्ष से थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर में बहन के घर रह रहा था। वह चौराहा के पास ही नाई की दुकान किए हुए था। बृहस्पतिवार की शाम उसकी परिजन से फोन पर बातचीत हुई। शुक्रवार की सुबह उसका शव गांव के बाहर कोडरा से नगला आशा जाने वाले मार्ग पर छेकुरा के पेड़ से लटकता मिला। जानकारी पर परिजन मौके पर आ गए। उन्होंने दीपक की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की। बताया कि रात को फोन पर हुई बातचीत में उसने गांव भरुआ आने की बात कही थी। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह का पता लग सकेगा। इसके बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।