विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। सात साल का मासूम बेटा जब स्कूल से घर लौटा तो मां का शव देख चीख पड़ा। मासूम की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित गोबर चौकी, तुलसी नगर में विवाहिता कलावती उर्फ कमलेश (27) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्रित किए। मायके वालों ने ससुरालीजन पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर हंगामा किया। उन्हें समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विज्ञापन
हाथरस की कमलेश का विवाह तुलसी नगर गोबर चौकी निवासी अनिल के साथ हुआ था। सोमवार की दोपहर कमलेश का सात साल का बेटा स्कूल से लौटा तो मां को पंखे से लटका देखकर चीखने लगा। ननद और अन्य ससुरालीजन पहुंच गए। मृतका ने जिस कमरे में फंदा लगाया उसमें कोई दरवाजा नहीं था।
सूचना पर हाथरस से मायके वाले भी पहुंच गए। उन्होंने ससुरालीजन पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद केस दर्ज किया जाएगा। परिजन ने बताया कि मृतका के पांच साल की बेटी लावणी और सात साल का बेटा है।