आगरा में प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक रघुराज (35) निवासी बलकेश्वर का शव सोमवार को आंबेडकर पुल के पास यमुना में उतराया मिला। सूचना पर पहुंची थाना एत्माद्दौला पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव निकाला। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
आंबेडकर पुल के पास सोमवार की सुबह एक शव को राहगीरों ने यमुना नदी में दिखा तो पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला ने बताया कि रघुराज धौलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। उनकी पत्नी मिथलेश की तैनाती सादाबाद के प्राथमिक विद्यालय में है। दंपती आगरा में बल्केश्वर पर किराये पर रह रहे थे। 18 नवंबर को रघुराज घर से लापता हो गए थे।
परिजन ने उसी दिन कमला नगर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जांच की जा रही है।