पिनाहट। क्षेत्र के गांव क्योरी बीच का पुरा के युवक शंभू दयाल (19) का शव बुधवार सुबह पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर रंजिश में युवक की हत्या करने की आशंका जताई है।
पुलिस को मृतक के बड़े भाई बबलू ने बताया कि शंभू दयाल मंगलवार की शाम पशुओं के बाड़े में पिता सोबरन सिंह को पेट दर्द की दवा देने गया था, तभी से लापता था। बुधवार की सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों को उसका शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। भाई के मुताबिक गांव के ही कुछ युवकों से उसकी रंजिश है। इन लोगों ने पूर्व में भी शंभू दयाल के साथ मारपीट की थी। परिजनों ने इन्हीं लोगों पर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
थानाध्यक्ष पिनाहट प्रमोद शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी घरवालों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।