भोगांव का गांव भवानीपुर में शव मिलने के बाद जमा भीड़ व पुलिस
- फोटो : MAINPURI
आलीपुर खेड़ा। सीमा विवाद में रविवार को एटा के युवक का शव तीन घंटे तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। कई बार कहने के बाद भी एटा पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। आखिरकार भोगांव पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना भोगांव पुलिस को रविवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली कि एटा-मैनपुरी बार्डर पर काली नदी किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिसबल घटनास्थल पर पहुंच गया। शव की शिनाख्त जनपद एटा के थाना नयागांव क्षेत्र के गांव महमदपुर पट्टी निवासी केवल सिंह के रूप में हुई। मृतक के भाई गांव भवानीनगर दान चौराहा निवासी बबलू ने बताया कि केवल सिंह जयपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था।
भोगांव पुलिस ने मामला एटा क्षेत्र का होने की वजह से कई बार पुलिस से शव ले जाने की बात कही। तीन घंटा बीतने के बाद भी एटा पुलिस ने शव कब्जे में नहीं लिया। इसके बाद भोगांव पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजन होते रहे परेशान
काली नदी किनारे युवक का शव मिलने के बाद गमजदा परिजन तीन घंटा तक सीमा विवाद में उलझी पुलिस को लेकर परेशान रहे। एटा पुलिस किसी भी कीमत पर शव ले जाने को तैयार नहीं थी, वहीं धूप व बारिश के बीच शव की दुर्गति देख परिजन भी परेशान हो रहे थे। तीन घंटा तक पुलिस के बीच चली जद्दोजहद के दौरान परिजनों के चेहरे पर निराशा दिखी।
शव एटा क्षेत्र में ही पड़ा था, एटा पुलिस को कई बार सूचना दी गई। बावजूद इसके एटा पुलिस मौके पर नहीं आई। इसके बाद भोगांव थाना पुलिस ने ही शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रयांक जैन, सीओ भोगांव।