कासगंज। मंगलवार सुबह हजारा नहर में कूदी युवती का शव एटा जिले की सीमा पर नहर से बरामद किया गया है। पिलुआ थाना पुलिस ने शव की बरामदगी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया है। हालांकि अभी युवती के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
शहर के बड्डूनगर की एक युवती प्रेम प्रसंग विवाद में हजारा नहर में कूद गई थी। युवती का प्रेमी भी नहर में कूदा, लेकिन उसे बचा लिया गया। जबकि डूबी युवती की तलाश में गोताखोर जुटे रहे। पुलिस और पीएसी की फ्लड यूनिट भी लगी थी, काफी तलाश के बाद कोई सुराग नहीं लग पा रहा था। इधर बृहस्पतिवार की सुबह एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत बह रही हजारा नहर में एक शव उतराता दिखाई दिया। पुलिस ने नहर से शव को बाहर निकाला और शिनाख्त की तो पता चला कि यह शव कासगंज से हजारा नहर में कूदी किशोरी का है। एटा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हालांकि परिजनों ने अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
नहर में कूदी युवती का शव पिलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नहर से बरामद हुआ है। किशोरी के परिजन कोई तहरीर देंगे तब विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल पिलुआ पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। - विनोद कुमार मिश्रा, कोतवाली प्रभारी