आगरा के बाह में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होने से बच गया। बिजकोली के पास डीसीएम ने बस में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। गनीमत ये रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आगरा में थाना बाह क्षेत्र के बिजकोली के पास गुरुवार सुबह डीसीएम ने बस में टक्कर मार दी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया है कि इस बस में सीएमओ आगरा भी सवार थे। सीएमओ के परिवारीजन भी बस में ही थे, जो बटेश्वर भगवान शिव के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस बस में लगभग 32 सवारियां मौजूद थीं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार बाह के बिजकोली के पास ये हादसा हुआ। सवारियां लेकर जा रही बस में विपरीत दिशा से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन किसी तरह की जनहानि न होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
इस बस में सीएमओ आगरा अपने परिवार के साथ सवार थे, जो भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। जानकारी होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह के चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आ गई।