राजस्थान के दौसा में चिकित्सक की आत्महत्या के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन आगरा शाखा ने बृहस्पतिवार को 24 घंटे की हड़ताल का एलान किया है। इमरजेंसी सेवाएं भी बंद रहेंगी। तोता के ताल स्थित कार्यालय पर बैठकर कर आईएमए की जनरल बॉडी ने ये निर्णय लिया है।
अध्यक्ष डॉ. राजीव उपाध्याय ने बताया कि दौसा में डॉ. अर्चना शर्मा के खिलाफ प्रसूता की ब्रेन हैम्रेज से मौत हो जाने पर मुकदमा दर्ज किया था। इससे व्यथित होकर डॉ. अर्चना शर्मा ने खुदकुशी कर ली। इसके खिलाफ आईएमए के चिकित्सक बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे से शुक्रवार की सुबह छह बजे तक हड़ताल पर रहेंगे। अस्पताल, क्लीनिक सभी चिकित्सकीय संस्थान बंद रहेंगे।
निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. ओपी यादव ने कहा कि कोई डॉक्टर इमरजेंसी सेवाएं नहीं देंगे, नए मरीज भी भर्ती नहीं करेंगे। शाम को पांच बजे शहीद स्मारक पर शांति मार्च निकाला जाएगा, जिसमें एंबुलेंस भी शामिल होंगी। डॉ. आरएम पचौरी ने आईएमए की कानूनी सेल बनाने की बात कही। डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का भी आदेश है मेडिकल बोर्ड की जांच के बाद ही किसी चिकित्सक पर मुकदमा दर्ज हो सकता है।