सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता
आगरा। जौनपुर में आयोजित समन्वय प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में आगरा मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में आगरा की खिलाड़ियों ने मिर्जापुर मंडल को 3-0 से करारी शिकस्त दी।
खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन हुआ। आगरा मंडल की बालिकाओं ने शुरू से ही दमदार खेल दिखाया। विजेता टीम में गीतिका, गुंजन, कैफी, भावना, सृष्टि, संगीता, रिया, वर्षा, ख्याति विश्नोई, गरिमा कुमारी, दिव्या सिंह, योगिता, तनु, तनु चाहर, तनिष्का मीना और ख्याति शर्मा शामिल रहीं। टीम की प्रशिक्षक एवं प्रबंधक उर्वशी सिकरवार थीं। इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा, बिल्लू चौहान, योगेश वर्मा, राजेश यादव, अक्षय सिंह और आदित्य चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।