मैनपुरी। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को सैनिक स्कूल में 02.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 80 बालिकाओं की क्षमता के हॉस्टल का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं रक्षामंत्री ने मातृशक्ति को तीनों सेनाओं में शामिल कर महिलाओं को संबल दिया है। देश की बहादुर बेटियां जल-थल-वायु सेना में अपना योगदान देकर नाम रोशन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूलों में बालिकाओं के प्रवेश की व्यवस्था की गई है जिससे बेटियों को सेना में जाने के अवसर मिलें। केंद्र, प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। सेना के हर कोर, क्षेत्र में महिलाओं को सेवायोजित करने की व्यवस्था की गई है। महिला शक्ति को सैनिक स्कूलों में भी वरीयता देकर देश की सेवा करने का अवसर प्रदान किया है, यह हम सब के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि नौनेर क्षेत्र में सैनिक स्कूल में 360 कैडेट्स शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसमें 18 बालिकाएं भी शामिल हैं। जल्द ही सैनिक स्कूल के लिए 20 एकड़ जमीन और उपलब्ध कराई जाएगी। यहां बालिका छात्रावास बनने के बाद बालिकाओं को बेहतर वातावरण मिलेगा। प्रधानाध्यापक लेफ्टिनेंट कर्नल अग्निवेश पांडेय की स्कूल में एक बोरवेल, मुख्य द्वार का निर्माण, सौंदर्यीकरण का कार्य कराए जाने के अनुरोध पर मंत्री ने आगणन बनाकर उपलब्ध कराने को कहा। इस कार्य के लिए विधायक निधि से धनराशि मुहैया कराने की सहमति प्रदान की।
डीएम अविनाश कृष्ण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, एसडीएम सदर नवोदिता शर्मा, सीओ सिटी विजयपाल सिंह, कार्यदायी संस्था मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज के कमलजीत सिंह, परियोजना प्रबंधक निर्माण निगम एसपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा मौजूद रहे।