प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती का घरवालों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता को 100 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने थाने पर युवती के प्रेमी को भी बुला लिया। बाद में युवती को समझाकर-बुझाकर घर भेज दिया गया।
सिकंदरा क्षेत्र की युवती बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। वह एक शोरूम में नौकरी कर रही है। लोहामंडी क्षेत्र का दूसरे समुदाय का युवक भी उसके साथ काम करता है। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।
तीन दिन पहले युवती से रिश्ते के लिए एक लड़का पक्ष आया था। मगर, युवती ने घरवालों से मना कर दिया। वह प्रेमी से ही शादी करने की कहने लगी। बुधवार रात को उसका परिजनों से झगड़ा हो गया। वह धमकी देने लगी।
इससे दहशत में आए परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस युवती और परिजनों को थाने लेकर पहुंची। युवती की एक ही जिद थी कि शादी करेगीं तो प्रेमी से ही। पुलिस ने रात में ही प्रेमी युवक को थाने बुलाया गया। सूचना पर युवक के पिता थाने पहुंचे। पुलिस के समझाने के बाद युवती को घर भेज दिया गया है।