परिवार परामर्श केंद्र में काउंसिलिंग कराने से नाराज बहू ने अपने माता-पिता और भाई के साथ मिलकर सास की पिटाई कर दी। सदर बाजार क्षेत्र के नौलखा निवासी जगजीत कौर ने बहू सिमरन कौर समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन
पीड़िता के अनुसार, उनके बेटे उमंग की शादी 4 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ निवासी सिमरन के साथ हुई थी। आरोप है कि 26 मई को सिमरन जेवर, नकदी व कपड़े लेकर मायके चली गई। वापस न लौटने पर बेटे ने परामर्श केंद्र में आवेदन किया। 6 अगस्त और 3 सितंबर को सिमरन निर्धारित काउंसिलिंग में शामिल नहीं हुई।
आरोप है कि 6 सितंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे सिमरन, उसका भाई ईशान, पिता दिवेंद्र सिंह और मां गुरमीत कौर घर पहुंचे। उस समय वह अकेली थीं। चारों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दी गई। 7 सितंबर को थाने में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। एसीपी सदर अमीषा सिंह ने बताया कि जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई की जा रही है।