दीवानी में हड़ताल कर प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
किसी ने अपने काम से छुट्टी ली तो कोई गांव से अलसुबह से निकला। कोई बस का किराया खर्च कर दीवानी पहुंचा था तो किसी ने लंबा सफर इस उम्मीद में तय किया कि उसके मुकदमे में सुनवाई होगी। लेकिन सोमवार को अधिवक्ताओं की हड़ताल ने वादकारियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अदालत पहुंचे लोगों को सुनवाई के बजाय अगली तारीख लेकर मायूस लौटना पड़ा।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद के आह्वान पर आगरा बार एसोसिएशन और जिले की अन्य बार एसोसिएशनों के अधिवक्ता सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्याय कक्ष संख्या 49 में हाल में हुए एक घटनाक्रम के विरोध में कार्य बहिष्कार किया। हड़ताल के दौरान अधिवक्ता विभिन्न अदालतों में पहुंचे और न्यायिक कार्य बंद कराया। इससे मुकदमों की नियमित सुनवाई प्रभावित रही। तारीख पर आए वादकारी कभी अपने अधिवक्ता को तलाशते रहे तो कभी अदालतों में सुनवाई की जानकारी लेते नजर आए। कई मामलों में सुनवाई न होने पर अगली तारीख दे दी गई। दूर-दराज से आए वादकारियों को अधिक परेशानी हुई। उनके लिए एक तारीख का आगे बढ़ना सिर्फ इंतजार नहीं, बल्कि समय, पैसा और उम्मीद तीनों का नुकसान हो गया।
बैठक कर न्यायिक घटनाक्रम पर जताया विरोध
बार एसोसिएशनों की बैठक में अधिवक्ताओं ने न्याय कक्ष संख्या 49 में हुई घटना पर कड़ा विरोध जताया। प्रस्ताव में कहा गया कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए अगली पंक्ति में अलग कुर्सियां लगाने की परंपरा न्यायिक मर्यादा और बार की गरिमा के प्रतिकूल है। अधिवक्ताओं ने एक अधिवक्ता के साथ कथित अमर्यादित व्यवहार और वरिष्ठ अधिवक्ता वीपी श्रीवास्तव के कथित अपमान पर भी नाराजगी जताई।
बैठक में दोषी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग का प्रस्ताव पारित किया गया, जिसे मुख्यमंत्री को भेजा गया। बैठक का संचालन संयुक्त सचिव पुस्तकालय विक्रांत गुप्ता ने किया। बैठक में आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष बाबू परमार, सचिव विनोद कुमार शुक्ला, दुर्ग विजय सिंह भैया, अनूप कुमार शर्मा, देवेंद्र सिंह धाकरे, ऋषिराज चौहान, शुभम झां, राहुल चाहर व विभिन्न बार एसोसिएशनों के पदाधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।