मथुरा में सीजेएम सीतापुर के स्टेनो महेश की हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वारदात से दो दिन पहले पुलिस को झगड़े की सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई करने की बजाय पीड़ित पक्ष को फटकार दिया था।
मृतक के भतीजे गौरव ने महेश की भाभी और राजेंद्र की बेटियों के बीच हुए झगड़े की सूचना नौहझील के मानागढ़ी चौकी प्रभारी को फोन पर दी थी। यह झगड़ा खाद के गड्ढों पर गोबर डालने आई राजेंद्र की बेटियों को मना करने पर शुरू हुआ था।
हत्याकांड के बाद मानागढ़ी चौकी प्रभारी मुन्नीलाल और गौरव की बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें गौरव आरोपी पक्ष पर झगड़ा करने का आरोप लगाते हुए चौकी प्रभारी से मामले में कार्रवाई करने की मांग कर रहा है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
ऑडियो में चौकी प्रभारी गुस्से में गौरव को फटकराते हुए कह रहे हैं कि महेश के घर चौकी खोल दूं या फिर इन दोनों घरों की रखवाली करुं। इस पर गौरव आरोपियों को पकड़ने की बात कहता है तो चौकी प्रभारी भड़क जाते हैं।
चौकी प्रभारी कहते हैं, 'जब इच्छा होगी तो आरोपियों को पकडूंगा। तेरे कहने से थोड़ी पकडूंगा। लोगों के सिर फट रहे हैं तो फट जाएं।' इससे साफ होता है कि पुलिस अगर झगड़े की शिकायत पर गंभीर होती स्टेनो की जान बच सकती थी।
अगर पुलिस शुरुआत में ही दोनों पक्षों का पाबंद मुचलका कर देती या फिर हालात को देखते हुए पुलिस तैनात हो जाती तो यह वारदात न होती। लेकिन पुलिस इस घटना को शुरूआत से ही हल्के में लेती रही। नतीजा स्टेनो की हत्या कर दी गई।
ऑडियो की कराई जाएगी जांच
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
इस संबंध में एसपी देहात आदित्य शुक्ला का कहना है कि वारदात से एक दिन पहले ही जमीन की नापजोख करा दी गई थी। इसमें पुलिस की कोई संलिप्तता नहीं है। वायरल ऑडियो की जांच कराई जाएगी।
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह को नौहझील के गांव चांदपुर खुर्द में सीजेएम के स्टेनो महेश की हत्या कर दी गई थी। महेश सीतापुर में तैनात था। छुट्टी पर घर आया हुआ था। हत्या में नामजद तीन सगे भाइयों समेत नौ आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
ये भेजे गए जेल
खिल्लन, ज्ञानेंद्र, राजेंद्र पुत्रगण हेम सिंह, विवेक, सचिन पुत्रगण ज्ञानेंद्र, नरेश पुत्र राजेंद्र निवासी चांदपुर खुर्द, अर्जुन पुत्र रनवीर सिंह निवासी संग्रामपुर, खैर(अलीगढ़), अनिल पुत्र खगेंद्र निवासी कीलपुर, खैर (अलीगढ़) और संदीप पुत्र सत्यदेव निवासी मथनागढ़ी, खैर (अलीगढ़) जेल भेजे गए हैं।
वहीं सात फरार हत्यारोपियों को पकड़ने को पुलिस दबिश दे रही है। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के मध्य स्टेनो का गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। चांदपुर खुर्द में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। अहतियात के लिए पुलिसबल तैनात है।