फतेहाबाद सीएचसी में मोबाइल की टॉर्च से ओपीडी में दवा वितरण व पर्चा बनाते कर्मचारी
फतेहाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में बृहस्पतिवार को अव्यवस्था हावी रही। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्वास्थ्य केंद्र में अंधेरा पसरा रहा, जिसके चलते कर्मचारी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में ओपीडी में दवा वितरण व पर्चा बनाते हुए दिखे। बिजली बाधित रहने से स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। एक्सरे यूनिट भी ठप रही, जिससे कई मरीजों को बिना इलाज कराए मायूस होकर लौटना पड़ा।
मरीजों का कहना था कि वह कई किलोमीटर दूर से काम छोड़कर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे, लेकिन बिजली न होने के कारण जांच नहीं हो सकी। स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर की व्यवस्था होने के बावजूद कर्मचारियों की लापरवाही के चलते उसे समय पर चालू नहीं कराया गया। मरीजों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार ने जनरेटर उपलब्ध कराया है, फिर भी कर्मचारियों ने उसे संचालित नहीं किया, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बजट की बाट जोह रहा पेट्रोल पंप का भुगतान
अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद डॉ. उदय प्रताप रावल ने बताया कि बजट न होने के कारण पेट्रोल पंप का भुगतान नहीं हो पाया था, जिसकी वजह से डीजल उपलब्ध नहीं हो सका। जानकारी होने पर पेट्रोल पंप पर बात कर डीजल मंगवाया गया और जनरेटर को चालू कराया गया।