फिरोजाबाद। जिले की साधन सहकारी समितियों पर बृहस्पतिवार दोपहर बाद डीएपी खत्म हो गई। ऐसे में शुक्रवार को समितियों से किसानों को बैरंग लौटना पड़ा। कई समितियों पर तो किसानों को ताले लटके मिले। अब समिति सचिव शनिवार शाम अथवा रविवार सुबह डीएपी मिलने की उम्मीद जता रहे हैं। सचिवों का कहना है कि जिले में 2656 मीट्रिक टन डीएपी की रैक आ चुकी है। डीएपी समितियों पर पहुंचाई जा रही है।
आलू, गेहूं और लहसुन की फसल की बुवाई में जुटे किसानों को वर्तमान में डीएपी की सख्त जरूरत है। दिवाली के बाद आई रैक साधन सहकारी समितियों पर खत्म हो गई। डीएपी बृहस्पतिवार को खत्म होने पर शुक्रवार को किसानों को समितियों से लौटना पड़ा। साधन सहकारी समिति पर शीतलपुर के किसान नाथूराम डीएपी मिलने का इंतजार करते नजर आए।
नारखी समिति पर किसानों को सचिव देवेंद्र सिंह ने यह कहते हुए लौटा दिया कि आज डीएपी नहीं है। शनिवार दोपहर बाद तक डीएपी आने के साथ वितरण शुरू होगा। मटसेना, सोफीपुर और अलीनगर कैंजरा समिति से भी किसानों को बैरंग लौटना पड़ा। सहायक निबंधक सहकारिता विवेक यादव ने बताया कि जिले को 2656 मीट्रिक टन डीएपी की रैक आ गई है। इसका वितरण सभी समितियों पर किया जा रहा है।
- जिले में 2656 मीट्रिक टन डीएपी की रैक आ चुकी है। इसे जिले की सभी 81 साधन सहकारी समितियों के साथ तीन इफ्को बाजार, 54 एग्रीजंक्शन, एक यूपी एग्रो के सेंटर, पीसीएफ के तीन केंद्रों पर भेजा जा रहा है।
वीके निगम क्षेत्रीय प्रबंधक इफको फिरोजाबाद
- साधन सहकारी समिति नारखी पर डीएपी लेने गया था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी डीएपी नहीं मिल सकी। इसके कारण बैरंग लौटने को मजबूर होना पड़ा। सचिव ने कहा कि शनिवार शाम तक डीएपी मिल जाएगी।
विजय बाजिदपुर नारखी फिरोजाबाद
- नारखी साधन सहकारी समिति पर डीएपी खत्म होने के कारण मेरे साथ कई किसान लौट गए। समिति पर यूरिया है लेकिन वर्तमान में डीएपी की जरूरत है। इस कारण लौट आए हैं। जानकारी मिली है कि शनिवार से डीएपी मिलेगी।
श्यामपुर नारखी ताल्लुका फिरोजाबाद
- डीएपी नहीं मिलने के कारण किसान काफी देर तक साधन सहकारी समिति फरिहा पर इंतजार करने के बाद घर लौट गए। उन्होंने कहा समिति पर डीएपी नहीं मिलने के कारण दिक्कत हो रही है। शीघ्र ही डीएपी आने की जानकारी दी गई है।
नाथूराम शीतलपुर फरिहा