फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएपी कालाबाजारी: किसानों से खाद के नाम पर लूट, थोक व फुटकर विक्रेता सहित तीन पर दर्ज हुआ मुकदमा

Wed, 09 Oct 2024 08:55 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, आगरा

सार

किसानों से खाद के नाम पर लूट की जा रही थी। डीएपी के जिस बोरी का रेट 1350 रुपये है, वो उन्हें 1650 रुपये में बेची जा रही थी। एसडीएम व जिला कृषि अधिकारी ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई में ये खुलासा हुआ, जिसके बाद थोक व फुटकर विक्रेता सहित तीन पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
 
विज्ञापन
मंडलायुक्त ने सहकारी समिति पर मारा छापा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में डाई अमोनिया फॉस्फेट (डीएपी) की खुले बाजार में कालाबाजारी हो रही है। 1350 रुपये की बोरी 1650 रुपये में बिक रही है। मंगलवार को एसडीएम व जिला कृषि अधिकारी ने संयुक्त रूप से शमसाबाद में जनता खाद भंडार पर छापा मारा। विक्रेता ने बताया कि उसे जीवनी मंडी स्थित थोक विक्रेता भगवती ट्रेडर्स से अधिक रेट पर डीएपी मिली थी। इसलिए 300 रुपये अधिक में बेच रहा था। थोक व फुटकर विक्रेता सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन




 

एसडीएम फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया कि 6 अक्तूबर को शमसाबाद में अजनेरा सहकारी समिति पर निरीक्षण के दौरान डीएपी बिक्री व स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ियां मिली थीं। लेखाकार राघव कृष्ण ने बिना पॉश मशीन के 447 बोरी डीएपी बेची। समिति लेखाकार राघव कृष्ण के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। वहीं, इस मामले में सचिव के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने से निरीक्षण पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इनके अलावा जिला व मंडल स्तरीय अधिकारियों ने समितियों पर निरीक्षण किए।
 

डीएम को अनुपस्थित मिला समिति सचिव
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगाारी ने मंगलवार को किरावली में अभैदोपुरा, एत्मादपुर में हाजीपुरा व सैमरी समितियों पर निरीक्षण किया। अभैदोपुरा में सचिव अनुपस्थित था। किसानों ने डीएम को बताया कि सचिव पर दो समितियों का चार्ज है। डीएम ने एआर कॉपरेटिव को फोन किया। एक सचिव की अभैदोपुरा में तैनाती के निर्देश दिए। अन्य समितियों पर डीएम को सब ठीक मिला।

 

4 जिलों में नोडल अधिकारी नामित
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद व मैनपुरी जिलों के लिए नोडल अधिकारी नामित किए हैं। अपर आयुक्त डॉ. कंचन शरन को फिरोजाबाद, अपर आयुक्त मंजूलता को आगरा व अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार को मथुरा का नोडल अधिकारी बनाया है। तीनों अपर आयुक्तों को समितियों के निरीक्षण, किसानों की समस्याएं व डीएपी उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

 

सहायक आयुक्त व क्षेत्रीय प्रबंधक पर कार्रवाई
डीएपी वितरण में लापरवाही, समय से मांग नहीं भेजने व समितियों से भुगतान में लेटलतीफी पर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता रविंद्र कुमार एवं क्षेत्रीय प्रबंधक उ.प्र. प्रादेशिक कॉपरेटिव फेडरेशन तरुणेश यादव के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं। दोनों अधिकारियों की विभागीय जांच हो सकती है। इनके अलावा सहकारी समितियों पर सत्यापन के लिए 43 मंडल स्तरीय अधिकारी तैनात किए हैं।

 
विज्ञापन

18 राशन दुकानों की जांच में 4 पर मिलीं गड़बड़ियां
एक तरफ डीएपी तो दूसरी तरफ राशन दुकानों पर भी अनियमितताएं हो रही हैं। उपायुक्त खााद्य एवं रसद विनय कुमार व जिला पूर्ति अधिकारियों ने मंगलवार को आगरा, मथुरा, पिरोजाबाद व मैनपुरी में 18 राशन दुकानों का निरीक्षण किया। जहां 4 दुकानों पर गड़बड़ियां मिलीं। उपायुक्त को शमसाबाद स्थित मेहराम पुर में राशन दुकान पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। फिरोजाबाद में डीएसओ ने आकलपुर में राशन दुकान पर बिक्री रजिस्टर नहीं मिलने पर आरोप पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें