आगरा के दिल्ली गेट से हरीपर्वत चौराहा, बसई से इंद्रापुरम, इंद्रापुरम से अमर होटल तक, सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार और मारुति एस्टेट तक, टेढ़ी बगिया 100 फुटा रोड। इन सड़कों पर मंगलवार को सुबह बारिश के बाद पैदल और दो पहिया वाहनों से निकलना मुश्किल हो गया। सीएम ग्रिड की इन सड़कों पर खुदाई के बाद मिट्टी छोड़ देने से हुए कीचड़ से फिसलन के कारण लोग पूरे दिन गिरते रहे। पैदल चलने वालों से लेकर दो पहिया वाहन सवार फिसलकर गिरे और चोटिल हो गए।
शहर की सड़कों पर बारिश के कारण गहरे गड्ढे हो गए हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से दो पहिया वाहन चालक गिर पड़े। दूसरी ओर सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट की पांच सड़कों के 11.67 किमी. लंबे हिस्से में कीचड़ और खुदाई के कारण लोग पूरे दिन मुश्किलों से जूझते रहे। क्षेत्रीय निवासी रमेश त्रिगुनायत ने बताया कि बेटे के साथ स्कूटी पर जा रहे थे कि अमर होटल के पास फिसलकर गिर गए। हाथ में चोट आई है।
कीचड़ से बचने के लिए कूदकर सड़क पार करता युवक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बसई निवासी जीतू कुशवाह ने बताया कि खुदाई के बाद सड़क पर मिट्टी छोड़ देने से पैदल भी नहीं निकल पा रहे हैं। कीचड़ के कारण कपड़े खराब हो रहे हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना की सड़कों के निर्माण का निरीक्षण किया गया है। ठेकेदारों को चेतावनी दी गई है कि वह निर्माण के दौरान लापरवाही न बरतें। मिट्टी हटाएं और गुणवत्ता का ख्याल रखें। कोई हादसा नहीं होना चाहिए।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य
- फोटो : अमर उजाला
सड़कों पर नगर आयुक्त को मिले गड्ढे, जलभराव
टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार तक सीएम ग्रिड के काम देखने पहुंचे नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को सड़कों पर गड्ढे मिले। यहां नाला टूटा होने से सड़क और छह गलियों में पानी भरा हुआ था। एक ओर की सड़क पर निर्माण कार्य चलने से दूसरे ओर की सड़क से आवागमन हो रहा है। कई जगह सड़कों पर गड्ढे मिले, जिस पर नगर आयुक्त ने गड्ढे भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदार से कहा कि निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक मार्ग की जिम्मेदारी उनकी है। क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराते रहें। इस दौरान चीफ इंजीनियर और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम मौजूद रहे।