आगरा जिले के गांव रायभा में सोमवार की शाम दबंगों ने मृत महिला का अंतिम संस्कार नहीं होने दिया। इसे लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरी जगह शव का अंतिम संस्कार कराकर मामला शांत कराया।
अछनेरा क्षेत्र के गांव रायभा के नट समाज की एक महिला की सोमवार को मौत हो गई थी। परिवार के लोग शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान स्थल पर गए। तभी वहां गांव के कुछ लोगों ने पहुंचकर यहां अंतिम संस्कार करने पर आपत्ति जताई। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। सूचना मिलते ही अछनेरा थाना और कुकथला चौकी की पुलिस पहुंची। पुलिस के समझाने के बाद भी दूसरा पक्ष इस जमीन पर शव का अंतिम संस्कार करने देने को राजी नहीं हुआ।
पुलिस के समझाने के बाद मृतका के परिजनों ने शव को चिता से हटा लिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने महिला के शव को दूसरे स्थान पर भेजकर अंतिम संस्कार करवाया। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे जमीन का विवाद बताया गया है।
मामले में एसओ अछनेरा भोलू सिंह भाटी ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिये मृतक महिला का दाह संस्कार दूसरी जगह पर कराया गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।