साइबर ठगों ने ग्रेजुएशन कर रहे छात्र का मोबाइल हैक कर उसके परिवार को बदनाम करने की साजिश रच डाली। व्हाटसएप पर आए एक अंजान नंबर के अज्ञात लिंक पर क्लिक करते ही हैकर्स ने छात्र का डाटा कब्जे में ले लिया। इसके बाद दो हजार रुपये के फर्जी लोन बकाया का हवाला देकर वसूली शुरू कर दी। रकम न देने पर ठगों ने एआई की मदद से उसकी बहन के साथ की अश्लील तस्वीरें तैयार करके उसके रिश्तेदारों तक भेज दी।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र निवासी छात्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अज्ञात नंबरों से धमकी भरे मैसेज और कॉल आने शुरू हो गए। 12 बजे ठग ने खुद को बैंक मैनेजर बताकर दो हजार रुपये बकाया लोन होने का दावा किया। बाद में 800 रुपये की वसूली का दबाव बनाने लगा।
छात्र के इंकार करने और नंबर ब्लॉक करने पर ठग दूसरे नंबरों से मैसेज भेजने लगा।
उन्होंने एक सप्ताह की डेडलाइन देते हुए धमकी दी कि रकम नहीं भेजी तो परिवार को बदनाम कर देंगे। इसके बाद उन्होंने एआई से पीड़ित व उसकी बहन के साथ अश्लील तस्वीरें तैयार करके कई रिश्तेदारों को भेज दीं। पीड़ित ने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। लेकिन उसे रोक लिया। एत्माद्दौला थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
अंजान लिंक पर क्लिक न करें
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि साइबर ठग लगातार नए तरीके निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी निजी जानकारी साझा करें। ऐसी किसी घटना की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें, ताकि समय रहते नुकसान रोका जा सके। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है।