आगरा में साइबर अपराधी ने कास्ट डायरेक्टर बनकर एक युवती को टीवी सीरियल में रोल दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये ठग लिए। मुंबई नहीं बुलाने पर युवती को शक हो गया। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की है।
थाना सदर क्षेत्र की रहने वाली युवती मॉडलिंग करती है। जून में उसके फोन पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने खुद को कास्ट डायरेक्टर बताया। कहा कि वह सिंगापुर में हैं। एक प्रतिष्ठित टीवी चैनल का नाम लेते हुए एक धारावाहिक बनाने की बात कही।
उसने बताया कि आपका चेहरा सेकेंड लीड की किरदार के लिए मैच कर रहा है। काम करना हो तो संपर्क कर सकती हैं। युवती ने उसे फोन किया तो बताया कि प्रोमो शूट किया जाएगा। इसके लिए उसे 20 दिन के लिए मुंबई आना होगा। खर्च के रूप में 15 हजार रुपये जमा एत खाते में जमा कराए। इसके बाद कई और खर्च बताते हुए 35 हजार रुपये और जमा कराए।
इसके बाद भी प्रोमो शूट के लिए युवती को नहीं बुलाया। उसने फोन किया, तो उससे रकम मांगी। इस पर युवती को शक हो गया। युवती ने अपनी जमा रकम वापस करने के लिए कहा। तो आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। थाना सदर प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि साइबर सेल से जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।