आगरा में आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर आठ निवासी ठेकेदार रतनलाल के खाते से साइबर अपराधियों ने 80 हजार रुपये निकाल लिए। यह रकम एटीएम कार्ड से दार्जिलिंग में निकाली गई, जबकि ठेकेदार के पास एटीएम कार्ड रखा हुआ है। उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
रतनलाल ने पुलिस को बताया कि 19 जनवरी को उनके मोबाइल पर पांच मिनट के अंतर पर आठ मैसेज आए। इसमें पता चला कि आठ बार में दस-दस हजार रुपये करके 80 हजार निकाले गए हैं। रतनलाल ने बताया कि उनका एटीएम कार्ड उनके पास है, जबकि रकम एटीएम कार्ड से निकली है। उन्होंने जानकारी पर एटीएम ब्लॉक करा दिया। इसके बाद बैंक से जानकारी की। इसमें पता चला कि रकम दार्जिलिंग से निकाली गई है। उन्होंने थाना जगदीशपुरा में शिकायत की। पुलिस ने साइबर सेल को जांच भेजी है। आशंका है कि रकम क्लोन कार्ड से निकाली गई।
रहें सावधान
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के मुताबिक, एटीएम में रुपये निकालने जाएं तो सुरक्षा का भी ध्यान रखें। किसी अनजान व्यक्ति को कार्ड नहीं देना चाहिए। पिन भी नहीं बताएं। एटीएम केबिन में किसी अन्य व्यक्ति को नहीं आने दें। फोन पर भी अनजान व्यक्ति को खाते और एटीएम कार्ड की जानकारी नहीं देनी चाहिए।