आगरा पुलिस ने दौरेठा निवासी शिवम को साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है। उसने शाहगंज के मनोज कुमार के मोबाइल से अपने लोन की 50 हजार की किस्त चुका दी थी। इसके लिए बैंक खाता संख्या और ओटीपी मनोज का इस्तेमाल किया गया।
मनोज ने इसकी शिकायत एसपी सिटी से की थी। उन्होंने शाहगंज थाना पुलिस को जांच सौंपी। मनोज ने बताया कि एक युवक ने उससे कुछ देर के लिए मोबाइल लिया था। इसके बाद उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि खाते से 50 हजार रुपये कट गए हैं। यह रकम उसने ही निकाली है।
मनोज का खाता केनरा बैंक में है। पुलिस ने वहां से डिटेल निकलवाई तो पता चला कि शिवम नाम के युवक ने मणपुरम कंपनी से लिया गोल्ड लोन चुकाया है। पुलिस ने कंपनी से शिवम के बारे में जानकारी ली। उसका पता और मोबाइल नंबर मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
खाते की जानकारी किसी को न दें
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद का कहना है कि साइबर ठगी से बचने के लिए एटीएम कार्ड किसी और के न दें। न ही किसी को अपना कोड बताएं। खाता संख्या की जानकारी भी न दें। साइबर ठग खाता संख्या, ओटीपी और कोड से ही ऑनलाइन शॉपिंग कर ठगी करते हैं।