खिरारी, राया, मथुरा निवासी प्रकाश आगरा के इंद्रपुरी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। शनिवार दोपहर को वह लाइब्रेरी जा रहे थे। जलभराव के बीच निकलते समय करंट लग गया था। वह सड़क पर पानी में गिर गए और तड़पते रहे। इससे उनकी मृत्यु हो गई थी। एक घंटे बाद बिजली बंद की जा सकी थी। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक के पिता गजेंद्र सिंह ने थाना न्यू आगरा में तहरीर दी थी। इसमें लिखा कि टोरंट पावर के पोल में 11 हजार की लाइन में सड़क पर जलभराव में करंट दाैड़ रहा था। बेटे को सड़क पर करंट ने अपनी ओर खींच लिया। तकरीबन एक घंटे वह चिपका रहा। इस बीच टोरंट की लापरवाही से न लाइट काटी गई न ही कोई मदद को आया।
इसकी वजह से प्रकाश की मृत्यु हो गई। उन्होंने बेटे की मृत्यु के लिए टोरंट पावर कंपनी के जीएम शैलेष देसाई, पीआरओ भूपेंद्र और टोरंट पावर कंपनी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले ने बताया कि लापरवाही से मृत्यु के मामले में केस दर्ज किया गया है। इसमें 7 साल से कम सजा का प्रावधान है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी। तहरीर में शैलेष देसाई को जीएम बताया गया है जबकि वह पूर्व उपाध्यक्ष हैं। वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। भूपेंद्र कुमार पीआरओ हैं। मुकदमे में कंपनी को भी नामजद किया गया है।
घटनास्थल के पास का फुटेज वायरल
करंट से मृत्यु के मामले में घटनास्थल के पास का एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ है। यह 6.50 मिनट का है। इसमें सड़क पर हुए जलभराव के बीच लोग पैदल और गाड़ी से निकलकर जाते नजर आ रहे हैं। अचानक करंट से छात्र के चिपकने पर अफरातफरी मच जाती है। हादसे के बाद गाड़ियां रुक जाती हैं। मगर कोई भी व्यक्ति पास जाने की हिम्मत नहीं कर पाता है।