नागपंचमी को लेकर एकरसानंद इंटर कॉलेज में पूजा अर्चना करते भक्त।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिले में सोमवार को नाग पंचमी का त्योहार परंपरागत तरीके से मनाया गया। इस दौरान घरों में नाग देव की पूजा अर्चना की गई।
नाग पंचमी को लेकर सोमवार सुबह से ही जिले में धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए थे। घरों में बेहतर सफाई के साथ नाग देवता की स्थापना की गई। महिलाओं ने घरों में पूजा पाठ के लिए पकवान बनाए। खीर और सेमइयों को चढ़ाकर नाग देवता की पूजा-अर्चना की गई। नाग पंचमी को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। नगर के बाजारों में भी नाग पंचमी पर भक्तों की भीड़ देखी गई।
---
बोई गईं भुजरियां
देर शाम नाग पंचमी के अवसर पर जिलेभर में लोगों ने अपने घरों में भुजरियां बोईं। नाग पंचमी के दिन से ही सावन की भुजरियों की देखभाल शुरू हो जाती है। रक्षाबंधन वाले दिन इन भुजरियों का विसर्जन किया जाएगा।
शिवलिंग की हुई स्थापना
नगर के श्रीएकरसानंद इंटर कॉलेज में नाग पंचमी के अवसर पर पार्थिव शिवलिंग की स्थापना की गई। यहां पहुंचे महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती महाराज ने पार्थिव शिवलिंग की स्थापना कराई। आचार्य अवनीश कृष्ण महाराज व मनीराम तिवारी की देखरेख में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नाग मंदिर में चढ़ाए गए नेजा
बिधूना चौराहे पर स्थित नाग मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। यहां पहुंचे भक्तों ने नाग मंदिर में नेजा चढ़ाया। देर रात तक यहां जिले के साथ ही औरैया, कन्नौज, इटावा तथा फर्रूखाबाद के भक्तों का जमावाड़ा रहा।