मैनपुरी में दिव्यांग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी कोई और नहीं युवती के भाई का दोस्त है। जिसने रात में उसके भाई के साथ ही शराब पी और फिर घर पर ही रुक गया। रात में उसने युवती के साथ दरिंदगी की।
मैनपुरी के बेवर में बीती रात थाना क्षेत्र के एक गांव में दिव्यांग युवती के साथ भाई के दोस्त ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। अभियुक्त युवती के भाई के साथ शराब पीकर उसके घर सो गया था। देर रात उसने मौका पाकर दिव्यांग युवती को दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया है जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
विज्ञापन
थाने पर घटना का मुकदमा पंजीकृत कराते हुए पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री सुनने, बोलने व देखने में अक्षम है। घर पर ही रहती है। थाना क्षेत्र के ग्राम राजनगर निवासी युवक राहुल पुत्र दिनेश पीड़िता के भाई के साथ पुताई का काम करता है। 10 जून को आरोपी पीड़िता के भाई के साथ उसके घर गया और दोनों में मिलकर शराब पी और आरोपी पीड़िता के घर ही सो गया। देर रात उसने सोते समय पीड़िता को दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। शोर सुनकर जब घरवाले जागे तब तक आरोपी भाग गया।
मामले में पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में प्रभारी निरीक्षक बेवर महाराज सिंह भाटी का कहना है कि परिजनों की सूचना पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।