भगवान टॉकीज से सुल्तानगंज चौराह तक दोपहर दो बजे जाम में फंसे वाहन। अमर उजाला
आगरा। सहालग के समय बाजारों में खरीदारों की भीड़ और एमजी रोड पर मेट्रो की बैरिकेडिंग से जाम लग रहा है। शनिवार को भी लंबा जाम लगा। कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को एक घंटे से अधिक समय लगा। रेंग-रेंग कर चलते वाहनों के धुएं से कई राहगीरों की सांस फूलने लगी। वाहनों के दबाव से यातायात पुलिस के इंतजाम फेल नजर आए।
शनिवार को सुबह सर्दी के बाद जैसे ही धूप खिली भारी संख्या में लोग बाजारों में खरीदारी करने के लिए घरों से निकल आए। दोपहर 12 बजे से स्कूलों की छुट्टी होने लगीं। एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के चलते जगह-जगह बैरिकेडिंग के कारण पहले ही हालात खराब हैं। लाइफ लाइन कहे जाने वाले एमजी रोड का दायरा संकुचित हो जाने से वाहनों के दबाव दिखा। इससे न केवल एमजी रोड बल्कि आसपास जुड़े मार्गों पर भी इसका असर दिखा।
पंचकुइयां, शाहगंज, घटिया, बेलनगंज आदि क्षेत्रों में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक जाम लगा रहा। स्कूलों की छुट्टी के समय यह जाम वजीरपुरा रोड से संजय प्लेस की गलियों तक पहुंच गया।एमजी रोड पर एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के बाहर, नालबंद चौराहा और धौलपुर से रावली रोड पर बैरिकेडिंग के कारण मार्ग बहुत संकरा हो गया है। इससे लंबा जाम लगा।
सेंट जोंस चौराहे से लोहामंडी रोड पर आरसीसी सड़क का निर्माण हो रहा है। इससे शनिवार को बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोका गया। लोग राजा की मंडी बाजार के अंदर से वाहन लेकर लोहामंडी हाेते हुए मदिया कटरा की ओर जा रहे थे। वाहनों की भीड़ से राजा की मंडी बाजार और लोहामंडी व मदिया कटरा और आरबीएस चौराहे पर वाहन रेंगते हुए निकले। शाम 5 बजे के बाद हालात सामान्य हो पाए। वाहनों की अधिकता के कारण यातायात पुलिस की व्यवस्थाएं भी काम नहीं आईं।
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि वाहनों की अधिकता के कारण वाहनों की गति धीमी रही है। यातायात पुलिस की टीम ने उन्हें सुचारू रखा है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है।
हाईवे पर बस चालक बेलगाम
दिल्ली हाईवे पर भगवान टाॅकीज से सुल्तानगंज पुलिया तक सर्विस रोड पर दोपहर 12 से तीन बजे तक जाम के हालात रहे। मेट्रो की बैरिकेडिंग और अबु उलाह दरगाह कट पर सवारियों के लिए खड़ी बसों के कारण लोगों को वाहन निकालने में काफी परेशानी हुई। यही हाल वाटरवर्क्स और रामबाग चौराहे का रहा। आईएसबीटी चौराहे पर खड़ी बसों और गुरु का ताल तिराहे पर बैरिकेडिंग से वाहनों को रेंग-रेंग कर निकालना पड़ा।