एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल और लेडी लॉयल की ओपीडी में सोमवार को 8,035 मरीज आए। उपचार के लिए दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मरीजों की अधिक संख्या से काउंटर कम पड़ गए। जल्दी पर्चा बनवाने के लिए मरीजों और तीमारदारों के बीच धक्कामुक्की तक हुई।
एसएन की ओपीडी में पर्चे के लिए 7 काउंटर बने थे। सोमवार को 2,912 मरीज आए। सुबह 10 बजे से काउंटरों पर कतार लग गईं। पूरा हाल भर गया। कतार में लंबे समय तक खड़े होने से महिला और बुजुर्ग मरीजों की हालत खराब हो गई। काउंटर कम पड़ने के कारण घंटे भर में पर्चा बन पाया, डॉक्टर के चैंबर के बाहर भी भीड़ रही और यहां भी घंटे भर इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा।
जिला अस्पताल में भीड़
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल में भीड़ अधिक होने से व्यवस्था बिगड़ गई। यहां 4,670 मरीज आए। पुरुषों के काउंटर पर लंबी कतार लग गई। हाल ठसाठस भरे होने से मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रमुख अधीक्षक डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि भीड़ अधिक होने से 8 काउंटर भी कम पड़ गए। एक काउंटर बढ़ाकर हाथ से पर्चे बनवाए। यही हाल लेडी लॉयल का रहा, यहां 453 मरीजों को इलाज मिला। पर्चे के लिए कतार में खड़ी रहने से गर्भवती महिलाओं की हालत खराब होने लगी। प्रमुख अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार का कहना है कि सोमवार को मरीजों की संख्या अन्य दिनों के मुकाबले 30 फीसदी अधिक रहती है, ऐसे में पर्चा बनवाने में देरी होती है।
खुजली, जोड़ दर्द और बुखार के सबसे ज्यादा मरीज
ओपीडी में हड्डी रोग, मेडिसिन और त्वचा रोग के सबसे ज्यादा मरीज आए। एसएन और जिला अस्पताल में बुखार, खांसी और छाती में जकड़न के 1248 मरीज आए। त्वचा रोग के 482 मरीज आए। इनमें खुजली, चकत्ते और सूखी त्वचा की परेशानी वाले मरीज सबसे अधिक रहे। हड्डी रोग विभाग में 597 मरीज आए। जोड़ दर्द, सूजन और पुरानी चोट का दर्द उखड़ने की परेशानी बताई।