सोमवार को मौनी अमावस्या के साथ सोमवती अमावस्या का दुर्लभ संयोग है, जो कि पांच दशक बाद बन रहा है। इस शुभ अवसर पर वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी। वहीं यमुना में हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा अर्चना की। कड़ाके की ठंड भी उनकी आस्था को नहीं रोक सकी।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के पट खुलने से पूर्व ही भक्तों की भीड़ मंदिर के प्रवेश द्वार पर जुटने लगे। पट खुलने के बाद हजारों भक्तों ने अपने आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर प्रागंण के बांकेबिहारी के जयकारों से गुजायमान हो उठा।
मंदिर में इतनी भीड़ उमड़ी, जिसे नियंत्रण करने में मंदिर प्रबंधन के सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करने पड़ी। बांकेबिहारी मंदिर के साथ राधा वल्लभ मंदिर, राधा दामोदर, राधा श्याम सुंदर, इस्कॉन, प्रेम मंदिर और रंगजी मंदिर में भी आस्था का जनसैलाब उमड़ा।