एटा में रक्षाबंधन त्योहार के चलते बृहस्पतिवार सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ लगना शुरू हो गई। जीटी रोड से लेकर बस स्टैंड के अंदर तक यात्री भटकते रहे, लेकिन छोटे रूटों पर जाने के लिए यात्रियों को बसें नहीं मिलीं। जो बसें पहुंचीं, वह पूरी तरह से भरकर आईं। ऐसे में सीट को लेकर मारामारी रही। मजबूरी में लोगों को बसों की छतों पर बैठकर यात्रा करनी पड़ी।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद तक सबसे अधिक 35 बसें दिल्ली के लिए भेजी गईं, जबकि अन्य मार्गों पर बसों की कमी रही। डिपो को भी त्योहार पर भीड़ का अंदाजा था, इसके लिए अतिरिक्त फेरों की व्यवस्था की गई, लेकिन यात्रियों की भीड़ के आगे सब इंतजाम नाकाफी नजर आए। अलीगंज, फर्रुखाबाद, आगरा, कासगंज आदि रूटों पर जाने के लिए यात्रियों को बस नहीं मिल रही थीं। आलम यह था कि ऑटो बुक कर यात्री अलीगंज, कासगंज तक जा रहे थे।