अजीतगंज। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव मलिकपुर में बृहस्पतिवार की सुबह खेत पर आलू की फसल की रखवाली के लिए गए किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कालेज सैफई रेफर कर दिया गया। दोपहर करीब एक बजे किसान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी 58 वर्षीय किसान पंचीलाल यादव बृहस्पतिवार सुबह खेत में आलू की फसल की रखवाली के लिए गए थे। तभी एक सांड़ खेत में घुस गया। उन्होंने उसे भगाने का प्रयास किया। इश पर सांड़ हमलावर हो गया। बचाव के लिए भाग रहे पंचीलाल को सांड़ ने कई बार जमीन पर उठा कर पटक दिया।
चीख पुकार सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीण लाठी डंडा और फावड़ा लेकर किसान को बचाने आए। ग्रामीणों ने सांड़ को भगाने के बाद परिजनों को सूचना दी। किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कालेज सैफई रेफर कर दिया गया। दोपहर करीब एक बजे किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।