फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा में दिनदहाड़े एक करोड़ की लूट: चार बदमाशों ने कूरियर कंपनी की गाड़ी से 200 किलोग्राम चांदी लूटी

Wed, 19 Jan 2022 01:38 PM IST
Abhishek Saxena अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है और पुलिस का शहर में जगह-जगह पहरा है। बावजूद इसके बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। आगरा में बुधवार को बदमाशों ने दो सौ किलो चांदी लूट ली। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुटी है।
विज्ञापन
घटनास्थल पर पीड़ित से जानकारी लेते पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के थाना सदर क्षेत्र में बमरौली अहीर मार्ग पर द्वारिका रेजीडेंसी के सामने बुधवार सुबह 11:30 बजे कार सवार चार बदमाशों ने कूरियर कंपनी की गाड़ी से 200 किलोग्राम चांदी और एक लाख रुपये लूट लिए। गाड़ी में कंपनी श्री साईंनाथ एक्सप्रेस के मालिक का भतीजे और चालक थे। वह कंपनी के गोदाम से माल लेकर नमक की मंडी ऑफिस जा रहे थे। बदमाशों ने अपनी कार आगे लगाकर कंपनी की गाड़ी को रोका। लूट के बाद ग्वालियर मार्ग की तरफ भाग गए। चांदी की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। 

विज्ञापन

धौलपुर के थाना बसेड़ी स्थित रेवियापुरा निवासी शंकर परमार की श्री साईंनाथ एक्सप्रेस कंपनी है। उनके भतीजे आकाश परमार ने बताया कि कोतवाली स्थित नमक मंडी में कंपनी का ऑफिस है। गोदाम बमरौली अहीर मार्ग स्थित स्वामी धाम कॉलोनी के पास है। कंपनी में सराफा व्यापारियों का सोने-चांदी का माल आता है। बुधवार सुबह अहमदाबाद से चांदी की पायल, घुंघरू आदि माल आया था। वह गाड़ी चालक राघवेंद्र के साथ तकरीबन 200 किलोग्राम चांदी और एक लाख रुपये गोदाम से लेकर स्विफ्ट गाड़ी में आफिस लेकर जा रहे थे। चांदी 12 पैकेट और एक बोरे में थी।
वह गोदाम से तकरीबन 250 मीटर आगे चले ही थे कि पीछे से आई होंडा अमेज गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक करके आगे गाड़ी लगा दी। एक बदमाश राघवेंद्र तो दूसरा उसकी तरफ आया। उससे कहा कि पीछे टक्कर मारकर आए हो। पिटाई भी की। इसी के साथ दूसरे बदमाश ने कार की चाबी निकाल ली। उसने कहा कि गाड़ी में नशीले पदार्थ की तस्करी करते हो। 

विज्ञापन

एक लाख रुपये भी ले गए बदमाश
वह दोनों कुछ समझ पाते उससे पहले ही दूसरे बदमाशों ने कार की डिकी खोल ली और डिकी में रखे पैकेट और बोरा निकालकर अपनी गाड़ी में रख लिया। आकाश की जेब में रखे एक लाख रुपये भी कब्जे में ले लिए। आठ मिनट में वारदात कर बदमाश ग्वालियर मार्ग की तरफ तेजी से चले गए। उनकी गाड़ी की चाबी भी ले गए, जिससे वो पीछे नहीं जा सके। आकाश ने मोबाइल से कंपनी कर्मचारियों को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लूटी गई चांदी 10 से 12 व्यापारियों की बताई गई है।

पहले जांच टीम समझ रहे थे पीड़ित
आकाश ने बताया कि बदमाशों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया, उससे वह उन्हे सचल दल समझ रहे थे। बदमाशों ने पहले कहा कि टक्कर मारकर आए हो। इसके बाद कहा कि नशे की तस्करी करते हो। डिकी खोलकर माल निकालो। फिर माल अपनी गाड़ी में रखकर आगे आकर बात करने की कहकर चले गए। इससे वह बदमाशों को आयकर का सचल दल समझ रहे थे। बाद में उन्हें लूट का अहसास हुआ।

बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित 
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि कोरियर कंपनी से निजी गाड़ी में 200 किलोग्राम चांदी और एक लाख रुपये लेकर कर्मचारी जा रहे थे। रास्ते में गाड़ी से आए बदमाशों ने कार को रोककर लूट की है। पुलिस की टीमें गठित की गई है। घटना के संबंध में सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। रास्तों पर चेकिंग की गई है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं।
विज्ञापन

दो साल पहले भी लुटी थी कंपनी की चांदी
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि दो साल पहले भी कंपनी की चांदी लुटी थी। यह वारदात अछनेरा क्षेत्र में बताई गई है। तब घटना का खुलासा हुआ था। कोरियर कंपनी के गोदाम और आसपास के इलाके में सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए हैं। माल आने के बारे में कंपनी के कर्मचारियों को ही पता होता है। इससे आशंका है कि रेकी करके वारदात को अंजाम दिया गया। कर्मचारियों और गोदाम से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें