भगवानपुरा गांव की सिरोमनी पत्नी रामप्रकाश साथी महिला चरवाहों के साथ अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए चंबल नदी पर गई थी। पशु चंबल नदी में पानी पी रहे थे। पास में खड़ी सिरोमनी पर अचानक हमला कर मगरमच्छ उनको चंबल नदी में खींच ले गया। साथी चरवाहों की चीख पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने सिरोमनी की चंबल नदी में तलाश शुरू कर दी। प्रधान बच्छराज सिंह की सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जाल आदि डाल कर महिला की तलाश की जा रही है।
हमलों से सबक नहीं ले रहे चरवाहे और ग्रामीण
गौसिंली में बकरी को मगरमच्छ द्वारा चंबल नदी में खींचे जाने की घटना हुई। कैंजराघाट पर नहाते समय गौसिंली और बिचोला के युवक मगरमच्छ के हमले में घायल हुए। हमलों के बाद भी चरवाहे और ग्रामीण सबक नहीं ले रहे। बाह के रेंजर उदय प्रताप सिंह ने बताया कि नेस्टिंग से लेकर हैचिंग तक मगरमच्छ अपने नेस्ट और अंडों के नुकसान के अंदेशे में हमला कर देते हैं। नदी किनारे की बालू में मगरमच्छों के नेस्ट हैं, हैचिंग पीरियड चल रहा है। बार बार चेतावनी दिए जाने के बाद भी नदी किनारे जाने से ग्रामीण बाज नहीं आ रहे।