आगरा जिले के हर थाने और चौकियों में अपराधियों के फोटो और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। वारदात होने पर पीड़ित थाने शिकायत लेकर आएंगे तो इन फोटो को देखकर अपराधियों की पहचान कर सकेंगे। इससे पुलिस को अपराधियों को पकड़ने में मदद मिलेगी। पुलिसकर्मी उनकी निगरानी कर सकेंगे। एसएसपी अमित पाठक ने फोटो लगाने के लिए थानाध्यक्षों और प्रभारी निरीक्षकों को निर्देशित कर दिया है।
कई बार लूट और चोरी की वारदात में अक्सर पुराने अपराधियों का हाथ निकलता है। इनका पुलिस के पास रिकॉर्ड तो होता है। मगर, फाइलों में ही रखा जाता है। वारदात का शिकार होने पर पीड़ित जब थाने आते हैं तो वो शिकायत करके चले जाते हैं। जब तक पुलिस उनको पुराने अपराधियों की फोटो दिखाती है, तब तक वह उसका हुलिया भूल चुके होते हैं। वहीं थाना के पुलिसकर्मी भी एक बार जेल भेजने के बाद अपराधियों को भूल जाते हैं।
इसलिए अब नई व्यवस्था की गई है। शहर और देहात के थानों और चौकियों में अपराधियों की फोटो और पोस्टर चस्पा कराए जा रहे हैं। यह बोर्ड से लेकर थाने और चौकियों के बाहर लगाए जा रहे हैं। पुलिसकर्मी रोजाना इन फोटो को देखकर अपराधियों पर निगरानी रख सकेंगे। इसके अलावा वारदात का शिकार लोगों को फोटो दिखाकर अपराधियों की पहचान भी कराई जा सकेगी। इन अपराधियों का थाने में रिकॉर्ड भी होगा।