मथुरा के चौमुंहा क्षेत्र में शनिवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव में रास्ते में पड़ा मिला। वारदात को अंजाम देकर हमलावर बाइक से फरार हो गए।
चौमुंहा के मोहल्ला दाऊद निवासी बिहारी पुत्र गिल्ला एक यूनिवर्सिटी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। पुलिस के मुताबिक बिहारी रात को खाना खाने के बाद गांव में घूमने के लिए निकला था।
घर के पास में ही कुछ लोगों ने उसके गोली मारी है। गोली सिर में लगी है। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। जैंत चौकी पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। लेकिन पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आ रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।