उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कुरावली थाने से चंद कदमों की दूरी पर गुरुवार को दिनदहाड़े सरेराह एक व्यापारी की हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या का आरोप मृतक के सगे भांजों पर है। हत्या के बाद भीड़ ने आरोपियों को पकड़ने का कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ को आता देख आरोपी थाने में घुस गए थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भोगांव थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय बसंत कुमार स्वर्णकार लगभग 20 साल पहले कुरावली के मोहल्ला कुंवरपुर निवासी बहनोई राजेश कुमार के घर में रहने आया था। कुछ समय बाद उसने किराये का घर ले लिया और अलग रहने लगा था। बहनोई ने उसे किराये पर एक दुकान लेकर दी, जिसमें बसंत सराफे का काम करने लगा। धीरे-धीरे बसंत ने मदनपाल बाजार में बहनोई के पास ही खुद की दुकान ले ली।
कुछ वर्ष पूर्व उसने लक्ष्मी नाम की एक महिला से दूसरी शादी कर ली थी। उसके साथ ही मोहल्ले में ही मकान बनाकर रहने लगा था। बसंत की पहली पत्नी मंजू हैं, जो राजेश की बहन है। राजेश अपनी बहन मंजू को उसका हक दिलाना चाहता था। बसंत की मां भी कुछ समय पूर्व मंजू के नाम मोहल्ला कुंवरपुर स्थित आधा मकान कर चुकीं थीं। बसंत मकान का आधा हिस्सा खाली नहीं कर रहा था।