एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि बुधवार की सुबह पुलिस को मुकेश पुत्र छोटेलाल निवासी नल वाली गली की मौत की सूचना मिली। मुकेश का शव चारपाई पर पड़ा था। उसके गले पर निशान बना था। इससे हत्या की आशंका हुई। फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच की गई।
मुकेश का दो मंजिला घर है। इसमें उसकी पत्नी मधु, 16 साल का बेटा अभिषेक और 14 साल की बेटी पूजा रहते हैं। मधु ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात दस बजे पति ने खाना खाया। इसके बाद दोनों कमरे में सो गए। बच्चे भूतल पर कमरे में थे।
सुबह सात बजे उसकी आंख खुली। वह काम करने चली गई। आठ बजे बेटा अभिषेक कमरे में आया। पिता को कई बार जगाया, लेकिन वह नहीं उठे। शरीर ठंडा पड़ा हुआ था। मामले में मृतक की बहन सुनीता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
सुराग: काल डिटेल में निकली प्रेमी से बातचीत
एसपी सिटी ने बताया कि कमरे में मुकेश और मधु ही थे। इसके अलावा वह किसी के आने के बारे में नहीं बता रही थी। इस पर शक हो गया। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की। मुकेश के रिश्तेदारों ने भी मधु पर शक जाहिर किया। पुलिस ने मधु की कॉल डिटेल निकलवाई।
वह एक नंबर पर लगातार बात कर रही थी। वह उसके मोहल्ले के ही रहने वाले अरुण का नंबर निकला। पुलिस ने अरुण को उठा लिया। दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई। अरुण ने घटना करना कबूल कर लिया। मधु ने भी हकीकत बता दी।
शक: प्रेमी के साथ देख लिया था
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि मुकेश और मधु के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे थे। अरुण मधु से उम्र में छोटा था। इस कारण दोनों में बातचीत शुरू हो गई। मधु फोन पर अक्सर उससे बात करती थी। एक सप्ताह पहले मुकेश को पत्नी के संबंध की जानकारी हो गई थी। उसने फोन भी तोड़ दिया था। मगर, मधु के पास दूसरा फोन और था, जिससे अरुण से बात किया करती थी।
मंगलवार रात को मुकेश खाना खाने के बाद सो गया। रात तकरीबन एक बजे अरुण आ गया। दोनों छत पर बैठे थे। तभी मुकेश जाग गया। उसने शोर मचाते हुए मधु को पीटना शुरू कर दिया। इस पर दोनों ने पकड़ लिया। मधु ने उसके पैर पकड़े और अरुण ने गला दबा दिया। इसके बाद अरुण घर से भाग निकला। अरुण भी एक दुकान पर कार मैकेनिक है।