उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की साहिबाबाद डिपो की बस के परिचालक ने एक महिला के साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की। बस से उतरते समय चालक के जल्दबाजी में बस चलाने से महिला गिरकर घायल हो गई। उसके पति ने थाना अलीगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव मितौलिया निवासी युवक साहिबाबाद डिपो की रोडवेज बस में बैठकर पत्नी के साथ जा रहा था। आरोप है कि बस पर तैनात परिचालक ने उसकी पत्नी के साथ गालीगलौज करते हुए छेड़छाड़ कर दी।
विरोध करने पर परिचालक ने महिला के पति के साथ भी गालीगलौज की। इसके बाद बस से उतरते समय चालक ने बस को चला दिया। जिससे पीड़िता सड़क गिरकर घायल हो गई। युवक ने अलीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। वही दूसरी ओर बस चालक रतन सिंह निवासी कलवरिया जैथरा ने महिला के पति के खिलाफ गालीगलौज कर मारपीट करने की रिपोर्ट थाना अलीगंज में दर्ज कराई है।