एचसीपी से एसएचओ तक का साप्ताहिक अवकाश मंजूर
- फोटो : Demo Pic
दरोगाओं का वीकली आफ फार्मूला सुपरहिट हो जाने के बाद इसका दायरा बढ़ा दिया गया है। अब हेड कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक सभी को साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। इसे पूरे जिले में लागू कर दिया गया है।
इसके बाद सिपाहियों का नंबर है। इसे भी जल्द ही लागू किया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। देखा जा रहा है कि किस थाने में कितने सिपाही हैं। वीकली आफ देने पर कोई परेशानी तो नहीं होगी। माना जा रहा है कि अगले महीने सिपाहियों को भी यह राहत दी जा सकती है।
अभी तक वीकली आफ सिस्टम सिर्फ दरोगाओं के लिए है। वो भी केवल हरीपर्वत सर्किल के। इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया था। लेकिन चार दिन में ही अधिकारियों को फार्मूला पसंद आ गया। इसे देखते हुए इसके दायरे में अब पूरा जिला ले लिया गया है। एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि दरोगाओं के वीकली आफ के सकारात्मक परिणाम देखकर इसका दायरा बढ़ाया गया है।
पुलिस का रवैय्या सुधरेगा
अधिकारियों का मानना है कि सप्ताह में एक दिन परिवार के साथ बिताने से पुलिसवालों का रवैय्या सुधर सकता है। उनका जनता के प्रति व्यवहार पहले से ठीक हो जाएगा।
सभी का चार्ट तैयार
हेड कांस्टेबल, दरोगा और इंस्पेक्टर के चार्ट बनाए गए हैं। इसमें बताया गया है कि किसके वीकली आफ में काम कौन देखेगा? थाना प्रभारी निरीक्षक की गैर हाजिरी में जिम्मेदारी एसएसआई पर रहेगी।