परिजनों और ग्रामीणों को समझाते पुलिस अफसर
- फोटो : अमर उजाला
मांट-नौहझील मार्ग पर शुक्रवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जिसके चलते दो घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर ही ग्रामीण मार्ग से हटे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव बिजौली में जीतू का छह वर्षीय पुत्र भानु उर्फ केशव शुक्रवार सुबह परचून की दुकान से सामान लेकर सड़क पार कर रहा था। तभी नौहझील की तरफ से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद मांट-नौहझील मार्ग पर जाम लगा दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची मांट पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस से झड़प भी हो गई। काफी देर बाद सीओ महावन आईपीएस आरती सिंह तथा एसडीएम मांट डॉ. सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मार्ग से हटवाया। करीब दो घंटे तक नौहझील-मांट मार्ग पर यातायात अवरुद्ध रहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।