मैनपुरी की करहल गेट चौकी पर शिकायत करने आई युवती पर चौकी में तैनात सिपाही की नीयत बिगड़ गई। सिपाही ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। इसका वहां मौजूद व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो वायरल भी हो गया है।
चौकी करहल गेट पर तैनात सिपाही के पास कुछ दिन पूर्व एक गांव निवासी महिला युवती के साथ किसी मामले में वांछित चल रहे परिवार के एक युवक की पैरवी को पहुंची थी। दोपहर के समय चौकी पर सिपाही शराब के नशे में चारपाई पर लेटा था। महिला ने फरियाद सुनाई तो सिपाही ने वहां खड़ी युवती से अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
जब हरकत हद से ज्यादा बढ़ गई तो युवती वहां से भाग निकली। सहमी युवती चौकी में एक कोने में जा छिपी। सिपाही की इस हरकत का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया। करीब 10 दिन पुराना ये वीडियो शनिवार को वायरल हुआ तो महकमे में हड़कंप मच गया। विभाग ने जांच शुरू करा दी है। एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि वीडियो मिला है जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पुलिस कर्मियों की इस तरह की हरकतों से मैनपुरी में पुलिस महकमा पहले भी बदनाम हो चुका है। वर्ष 2016 में पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वहीं दन्नाहार में तैनात दरोगा राधारमण को बार बालाओं पर रुपये लुटाने का वीडियो वायरल होने के बाद लाइन हाजिर किया था। इसी साल किशनी में तैनाती के दौरान एक युवती से अश्लील हरकत व एसएमएस के मामले में राधारमण यादव को सस्पेंड कर दिया है।