उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। थाना उत्तर क्षेत्र में सरकारी मेडिकल कॉलेज के नजदीक महिला चिकित्सालय के दो कूड़ेदान (डस्टबिन) रखे हुए हैं। शनिवार की सुबह एक कूड़ेदान में जुड़वा बच्चों के भ्रूण कोई डाल गया। जब इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया।
महिला अस्पताल में एक युवक डस्टबिन के पास से गुजर रहा था। तभी उसने डस्टबिन में भ्रूण पड़े हुए देखे। सूचना मेडिकल कॉलेज स्टाफ और थाना पुलिस को दी गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। संभावना जताई गई कि महिला चिकित्सालय में कोई डिलीवरी हुई होगी, वहीं से किसी ने भ्रूण कूड़ेदान में डाल दिया।
जब इस संबंध में महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. साधना राठौर ने पूछा गया तो उन्होंने इंकार कर दिया। सीएमएस ने कहा कि मेडिकल कॉलेज गेट नंबर दो के पास डस्टबिन में दो कम समय के नवजात कोई डाल गया है। हमारे यहां बीती रात जुड़वा बच्चों की कोई डिलीवरी नहीं हुई। यह मामला पुलिस का है। पुलिस जांच कर रही है।