फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जहरीली शराब से दो और मरे

Sat, 04 Jul 2015 01:20 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
शमसाबाद के गांव इसौली का पुरा में 26 जून को जहरीली शराब पीने वालों में से गुरुवार रात खेमचंद और सुनील ने भी दम तोड़ दिया। दोनों का एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। खेमचंद के पिता कंचन सिंह 27 जून को जहरीली शराब का शिकार बने थे। इसके अलावा पड़ोस के गांव गढ़ी खंडेराव में दो मौत हो चुकी है। एक सप्ताह में पांच मौत हो जाने से भड़के ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर जाम लगाकर हंगामा किया। एसडीएम और सीओ ने उन्हें शराब माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। उधर, एसएसपी राजेश डी. मोदक ने चौकी प्रभारी अतवीर सिंह और बीट के सिपाही वीरपाल सिंह को सस्पेंड कर दिया है।
विज्ञापन

गांव इसौली का पुरा में 26 जून को गांव के कंचन सिंह, उनके बेटे खेमचंद्र (23), सुनील (40) पुत्र मुन्नालाल, चरन सिंह, जगदीश, माता प्रसाद ने गांव में यादराम की परचून की दुकान से देसी शराब खरीदकर पी थी। कंचन सिंह की 27 जून को मौत हो गई थी, जबकि खेमचंद, सुनील और चरन सिंह की हालत बिगड़ गई थी। खेमचंद और सुनील को पहले फतेहाबाद रोड स्थित एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया था। हालत बिगड़ने पर दोनों को गुरुवार की शाम एसएन मेडिकल कालेज में रेफर किया गया। यहां रात में दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं चरन सिंह की आंखों की रोशनी चली गई है। इन मौतों से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाकर हंगामा किया। वे शराब माफिया को गिरफ्तार करने और इरादतनगर के गांव बीकापुर से आने वाली तस्करी की शराब की बिक्री पूरी तरह बंद करने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

खंदौली में बेहोश पड़े मिले युवक की मौत
खंदौली। कस्बे में ब्लाक के नजदीक बेहोशी की हालत में पड़े मिले युवक की एसएन मेडिकल कालेज में मौत हो गई। उसे पुलिस ने शुक्रवार की शाम को भर्ती कराया था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहे थे। शराब की तेज दुर्गंध आ रही थी। आशंका है कि जहरीली शराब के सेवन से उसकी मौत हुई। खंदौली ब्लाक के सामने शाम करीब सात बजे करीब 25 वर्षीय युवक बेहोशी का हालत में पड़ा था। पुलिस उसे एसएन अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। हालत बिगड़ने पर उसे छोड़कर चला गया। आशंका है कि उसे शराब में विषाक्त पदार्थ दिया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जहरीली शराब से मौत होने का सवाल ही नहीं है। उसे दौरे पड़ रहे थे। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें