नाई की मंडी में रविवार रात को बाइक टकराने पर हुए विवाद के बाद दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद पथराव हो गया। इससे तनाव फैल गया। दहशत में बाजार बंद हो गया। कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर बवाली भाग खड़े हुए।
नाई की मंडी की कक्कू गली में बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। रात तकरीबन 8:30 बजे दूसरे समुदाय का एक युवक बाइक लेकर मीरा हुसैनी चौराहे की तरफ जा रहा था। तभी दुकान के बाहर रखे सामान से युुवक की बाइक टकरा गई। दुकानदार ने उससे सामान उठाने को कहा तो युवक ने गालीगलौज कर दी। इस पर विवाद हो गया। आसपास के दुकानदार इकट्ठा हो गए। उन्होंने युवक की पिटाई लगा दी। इस पर उसने अपने मोहल्ले के लोगों को सूचना दे दी। कुछ ही देर में दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। उनमें ईंट-पत्थर फिंकाई होने लगी। उस वक्त बाजार में भीड़भाड़ भी थी। बवाल से अफरातफरी मच गई। दोनों तरफ से पथराव होने लगा। तनाव फैलने पर बाजार बंद हो गया। सूचना पर चीता मोबाइल के सिपाही पहुंच गए। बवाली भाग खड़े हुए। बाद में एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह भी आ गए। देर रात तहरीर देने एक पक्ष थाने पहुंच गया। एसओ का कहना था कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।