बच्चा चोरी के शक में शुक्रवार को भीड़ की पिटाई से घायल युवक ने जिला अस्पताल में शनिवार तड़के दम तोड़ दिया। इससे आक्रोशित परिजनों ने साठ फुटा रोड पर शव रख कर जाम लगाया और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटे भर की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने इसे आपसी मारपीट का मामला बताते हुए मृतक के पिता की तहरीर पर मोनू पुत्र लाखन सिंह, राजू उर्फ पलिया और शालू को नामजद करते हुए पांच-छह अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना रामगढ़ के मोहल्ला सम्राट नगर गली नं. दो में बालिका को उठाकर ले जाने के शक में भीड़ ने शुक्रवार को एक युवक को जमकर पीटा था। पुलिस ने उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। उसकी पहचान जफरुद्दीन (29) पुत्र साबुद्दीन निवासी गली नं. 19 साठ फुटा रोड के रूप में हुई थी। पुलिस ने घायल को उसके भाई की सुपुर्दगी में देने के साथ जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में शनिवार तड़के चार बजे जफरुद्दीन की मौत हो गई।
इससे परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों ने नगला बरी से सैलई साठ फुटा रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ सिटी इंदुप्रभा, इधर एसएचओ दक्षिण फतेह बहादुर सिंह भदौरिया, उत्तर अनूप कुमार तिवारी व रामगढ़ प्रमोद कुमार मलिक फोर्स सहित पहुंचे। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मां बोली- भीड़ ने बच्चा चोरी के शक में पीटा था
मृतका की मां जोविन निशा ने कहा कि बच्चे को चुराने के शक में सम्राट नगर में उसके बेटे को भीड़ ने जमकर पीटा था। जबकि घर से चूड़ी का काम करने गया था। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जब हम लोग पहुंचे तो उसके नाक-मुंह में खून आ रहा था।
पिता बोले- बेटे को बुलाकर ले गए थे सात-आठ लोग
पिता साबुद्दीन ने कहा कि उनका बेटा नौ अगस्त को सुबह काम करने जा रहा था। मोनू पुत्र लाखन सिंह, राजू उर्फ पलिया व शालू और चार-पांच अन्य लोग बुलाकर ले गए। उसकी लाठी-डंडे से पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिली कि वह सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। अस्पताल पहुंचा तो मरणासन्न मिला। तड़के चार बजे मृत्यु हो गई।
पुलिस बोली-तहरीर नामजद मिली
जफरुद्दीन को चूड़ी का काम करने के दौरान कुछ लोग बुलाकर ले गए थे। उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, इससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की ओर से दी तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। -प्रबल प्रताप सिंह - एसपी सिटी फिरोजाबाद।