नुनिहाई में हुई वारदात, नीली बत्ती की गाड़ी से आए बदमाश
- फोटो : demo pic
एत्माद्दौला के नुनिहाई में शुक्रवार शाम करीब छह बजे हरियाणा के भिवानी निवासी ट्रक ड्राइवर रुकेश यादव के साथ लूटपाट की गई। उसने बताया कि नीली बत्ती लगी गाड़ी में दो बदमाश आए। उन्होंने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया और तलाशी लेने की बात कही। उससे कहा कि उसके ट्रक में चरस है। इसके बाद तमंचा निकाल लिया और लूटने लगे। उससे सोने की अंगूठी और सात हजार कैश लेकर भाग गए।
रुकेश यादव नुनिहाई में अतुल फैक्ट्री के पास स्थित एक गोदाम में कारपेट उतारने आया था। उसने बताया कि जैसे ही उसका ट्रक रुका, नीली बत्ती लगी कार पास में आकर रुकी। उससे उतरे दो युवक बोले, तुम्हारे ट्रक में चरस है, हमने तुम्हारे तीन ट्रक पकड़ लिए हैं। उसे दूर किया और तलाशी लेने की बात करने लगे। तभी एक ने तमंचा निकाला और उस पर तान दिया। उसकी जेब में रखे सात हजार रुपये लूट लिए।
दूसरे ने कहा अंगूठी और चेन उतारो। उसने अंगूठी दे दी। इसे लेकर दोनों भाग गए। राकेश ने बताया कि उसने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस आई। बता दें, नुनिहाई में इस तरह के कई गिरोह सक्रिय हैं, जो कभी सेल्स टेक्स अफसर बनकर लूटपाट करते हैं तो कभी प्रापर्टी डीलर बनकर किसी के घर में घुस जाते हैं और डाका डाल देते हैं।